1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: भोपाल में 15 जनवरी को होगा मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कांफ्रेंस-2026

MP News: भोपाल में 15 जनवरी को होगा मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कांफ्रेंस-2026

यह कांफ्रेंस “AI-enabled Governance for an eMPowered Bharat” थीम पर आधारित होगी।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: भोपाल में 15 जनवरी को होगा मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कांफ्रेंस-2026

मध्यप्रदेश एआई-सक्षम शासन और डिजिटल नवाचार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। 15 जनवरी 2026 को भोपाल स्थित ताज लेकफ्रंट होटल में मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कांफ्रेंस-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे और एआई-सक्षम शासन एवं आर्थिक परिवर्तन के लिए राज्य का रणनीतिक रोडमैप प्रस्तुत करेंगे।

“AI-enabled Governance for an eMPowered Bharat” थीम पर होगा आयोजन

यह कांफ्रेंस “AI-enabled Governance for an eMPowered Bharat” थीम पर आधारित होगी। आयोजन मध्यप्रदेश शासन के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा IndiaAI Mission के सहयोग से किया जा रहा है। इस सम्मेलन में IIT Indore नॉलेज पार्टनर के रूप में तथा आईआईटीआई-दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन प्रदर्शनी भागीदार के रूप में सहयोग करेगा, जिससे अकादमिक जगत और उद्योग के बीच एआई आधारित समन्वय को मजबूती मिलेगी।

मध्यप्रदेश इनोवेशन एक्सपो होगा मुख्य आकर्षण

कांफ्रेंस के दौरान मध्यप्रदेश इनोवेशन एक्सपो का उद्घाटन किया जाएगा। इस एक्सपो में इंडिया एआई पवेलियन, मध्यप्रदेश पवेलियन, स्टार्टअप शोकेस, हैकाथॉन एरिना और स्टार्टअप प्रतियोगिता शामिल होंगी। शुरुआती सत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अपर सचिव एवं इंडिया एआई के सीईओ अभिषेक सिंह तथा आईआईटी इंदौर के निदेशक सुहास एस. जोशी सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

“AI for People, Planet and Progress” पर राज्य का विजन

अपर मुख्य सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संजय दुबे द्वारा “AI for People, Planet and Progress – मध्यप्रदेश रोडमैप टू इम्पैक्ट” विषय पर राज्य का प्रमुख एआई विजन प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग जैन भी कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे। सत्र के समापन पर विभिन्न पोर्टल्स के शुभारंभ, समझौता ज्ञापनों (MoUs), नवाचार और युवा एआई पहलों से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएँ की जाएँगी।

उच्चस्तरीय थीमैटिक सत्र और विशेषज्ञों का मंथन

कांफ्रेंस में तीन उच्चस्तरीय थीमैटिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें Technology-led Governance for All, AI for Economic Growth and Social Good तथा Resilience, Innovation and Digital Infrastructure शामिल हैं। इन सत्रों में Digital India–BHASHINI, UIDAI, NeGD, विभिन्न राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ Google, Microsoft, Deloitte और EY जैसे अग्रणी उद्योग संगठनों के विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। इस अवसर पर MP Innotech Startup Pitch Contest और उज्जैन महाकुंभ हैकाथॉन के विजेताओं की घोषणा भी की जाएगी।

इंडिया- एआई इम्पैक्ट समिट-2026 की दिशा में अहम कदम

मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कांफ्रेंस-2026, आगामी इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट-2026 की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस एआई एक्शन समिट में की थी। यह सम्मेलन 16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा और वैश्विक दक्षिण में होने वाला पहला एआई शिखर सम्मेलन होगा।

नागरिक-केंद्रित और जिम्मेदार एआई की ओर मध्यप्रदेश

इस क्षेत्रीय एआई कांफ्रेंस के माध्यम से मध्यप्रदेश राज्य और राष्ट्र में एआई को नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और कुशल शासन की आधारशिला के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा। साथ ही, एआई-संचालित आर्थिक विकास को गति देने और जिम्मेदार एआई के लिए मजबूत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया जाएगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...