भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र के पहले दिन ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों को लेकर बहस के आसार जताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विधानसभा भवन पहुंच चुके हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले वह कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में मानसून सत्र के दौरान होने वाले कामकाज, एजेंडे और सदन संचालन को लेकर चर्चा की जाएगी।
विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। मानसून सत्र के दौरान सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। वहीं विपक्ष ने भी सत्र के दौरान सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। विपक्ष महंगाई, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और अन्य जनहित के मुद्दों को सदन में उठाने की रणनीति बना रहा है।

मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक माहौल गर्म होने की संभावना है। सभी की नजरें विधानसभा की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं, जहां सत्ता पक्ष अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा, जबकि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगा।