पन्नाः थाना देवेंद्रनगर क्षेत्र अंतर्गत विरवाही मार्ग पर स्थित छत्रसाल शिक्षा महाविद्यालय में दबंग भू माफिया द्वारा जेसीबी मशीन लेकर कॉलेज परिसर के अंदर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। दबंगों ने जबरन कॉलेज की बाउंड्रीबाल, बोर्ड तोड़ दिया और खेल के मैदान में गड्ढा कर दिया। वहीं लगातार कॉलेज प्रबंधन एवं कर्मचारियों को धमकी दी जा रही हैं। जिससे भय का माहौल बना हुआ है।

गौरतलब हैं कि पूर्व में भी दबंगों ने इसी प्रकार से तोड़फोड़ और अभद्रता किए जाने जैसी घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने देवेंद्रनगर थाना में दिनांक 23 सितंबर 2023 को एफआईआर दर्ज किया गया था। बाबजूद इसके भू माफियाओं में कानून का कोई डर नहीं है। पन्ना की संवेदनशील कलेक्टर ऊषा परमार से अपेक्षा की जा रही है कि भू माफियाओं पर शिकंजा कसा जाये। आरोप है कि भू माफियाओं ने आज फिर से घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद कॉलेज की ओर से 112 नम्बर पर कॉल कर सूचना दी गई।

वहीं छत्रसाल शिक्षा महाविद्यालय के सचिव मोहम्मद आसिफ ने थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव से इस पूरी घटना की जांच करते हुए दबंगाइयों भागवत विश्वकर्मा एवं शिवबालक पर कार्यवाही करने की मांग की गई है। जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटना न हो। महाविद्यालय देवेंद्रनगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित है यहां भूमाफिया द्वारा अनेकों अवैध कॉलोनी का निर्माण बिना शासन की मंजूरी और रेरा नियम की अनुमति के बगैर कराया जा रहा है। इन भूमाफिया द्वारा कुछ समय पूर्व देवेंद्रनगर NH 39 मार्ग के समीप झीरियन मंदिर के पास नहर व शासकीय भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया गया था, जिसके विरुद्ध जिला प्रशासन ने कार्यवाही की थी।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट