1. हिन्दी समाचार
  2. बिज़नेस
  3. जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने आईपीओ की योजना टाली, अब 2022 में आएगा इश्यू

जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने आईपीओ की योजना टाली, अब 2022 में आएगा इश्यू

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने आईपीओ की योजना टाली, अब 2022 में आएगा इश्यू

जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने आईपीओ की योजना टाल दी है. कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी और मंदी के चलते कंपनी ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की योजना को दो साल आगे बढ़ा दिया है.

जेएसडब्ल्यू सीमेंट के प्रबंध निदेशक पार्थ जिंदल ने कहा कि आईपीओ दिसंबर 2022 के आसपास आ सकता है. कंपनी ने 2023 तक अपनी कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 2.5 करोड़ टन करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है. इसके लिए 3623 करोड़ रुपये निवेश किए जाएंगे.

पार्थ जिंदल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ओडिशा में शिव सीमेंट के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा, ”2019 में सीमेंट क्षेत्र में गिरावट आई थी, 2020 में कोविड की मार पड़ी है. अब आईपीओ लाने के लिए हमारे लिए दिसंबर 2022 तार्किक समयसीमा है.”

समूह ने इससे पहले दिसंबर 2020 में आईपीओ लाने की योजना बनाई थी. आईपीओ का आकार 2,500-2,700 करोड़ रुपये के बीच हो सकता है, जो कंपनी की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है. कंपनी 14 अरब डॉलर के जेएसडब्ल्यू स्टील समूह का हिस्सा है.

कंपनी वित्तपोषण के लिए निजी इक्विटी मार्ग से चालू वित्त वर्ष में 1,000-1,500 करोड़ रुपये जुटाने की प्रक्रिया में है. सीमेंट कंपनी पर इस समय 2,800 करोड़ रुपये का कर्ज है.

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...