छिन्दवाड़ाः सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को त्वरित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम राहत योजना यानि प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेशन एंड एश्योर्ड ट्रीटमेंट योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर छिंदवाड़ा जिले में कार्यवाहियां तेज कर दी गई हैं। इसी के तहत जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा पहल करते हुए जिले में आयुष्मान भारत, पीएमजेएवाय योजना के अंतर्गत संबद्ध अस्पतालों के लिए कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संवेदीकरण कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। ये अस्पताल पीएम राहत योजना के अंतर्गत नामित अस्पताल के रूप में कार्य करेंगे।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन और पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय की उपस्थिति में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में डी.एस.पी ट्रैफिक आर.पी.चौबे द्वारा पीएम राहत योजना के शुभारंभ की जानकारी दी गई और पुलिस के ई-डार पोर्टल के बारे में बताया गया। एन.आई.सी छिंदवाड़ा से राजहंस गोंडाने द्वारा पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में तकनीकी पहलुओं और उपयोग में आने वाले तकनीकी शब्दों के बारे में संबद्ध अस्पतालों को विस्तार से जानकारी दी गई।
पीएम राहत योजना के अंतर्गत नेशनल हेल्थ ऑथोरिटी (एन.एच.ए.) द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसमें ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम ( टी.एम.एस), हॉस्पिटल इंगेजमेंट सिस्टम (एच. ई.एम), एंटी फ्रॉड ट्रिगर्स आदि सम्मिलित हैं। प्रशिक्षण में घायल के संबद्ध अस्पताल में भर्ती होने, टीएमएस आईडी जेनरेशन, टीएमएस आईडी की पुलिस की ई-डार आईडी से मैपिंग, स्टेट हेल्थ ऑथोरिटी को फॉर्म सबमिशन से लेकर सत्यापन और भुगतान तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और ऑनलाइन पोर्टल पर दी गई। इस दौरान अस्पतालों की अन्य विभिन्न जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।
योजना का उद्देश्य और प्रावधान –
यह योजना, जिसे पहले कैशलेस ट्रीटमेंट ऑफ रोड एक्सीडेंट विक्टिम (CTRAV) के नाम से जाना जाता था, अब नए स्वरूप में लागू की गई है। प्रधानमंत्री की स्वीकृति उपरांत 13 फरवरी 2026 से यह योजना प्रारंभ हो गई है। योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान प्राथमिकता से इलाज मिलेगा। प्रत्येक पात्र मरीज को दुर्घटना की तिथि से 7 दिनों के अंदर अधिकतम ₹1.5 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। मरीज को योजना के तहत किसी भी नामित अस्पताल में तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया जा सकेगा।
पीएम राहत योजना के जिले में प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक सह संवेदीकरण कार्यशाला में कलेक्टर श्री नारायन और पुलिस अधीक्षक पांडेय के साथ सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, एडिशनल एसपी आशीष खरे, डीएसपी ट्रैफिक श्री चौबे, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला, सीएमएचओ डॉ. नरेश गोन्नाडे, सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे, विभिन्न पुलिस थानों के टीआई, एन.आई.सी के टेक्निकल एक्सपर्ट और योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों के संचालक उपस्थित थे। इस दौरान आरटीओ श्री शुक्ला द्वारा “राहवीर योजना” के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में भी अस्पतालों का ओरियंटेशन किया गया।
छिंदवाड़ा से संवाददाता श्याम साहू की रिपोर्ट