नई दिल्ली : टोक्यो पैरालंपिक की शूटिंग में शनिवार का दिन भी भारतीय पैराशूटर्स के नाम रहा, जिन्होंने अपने शानदार निशानेबाजी से कमाल कर दिया है। और भारत की झोली में दो और पदक एक गोल्ड और एक सिल्वर आया। इन दो पदकों के साथ ही भारत के कुल पदों की संख्या 15 हो गई है। जिससे वो 34वें स्थान पर काबिज हो गया है।
निशानेबाज मनीष नरवाल ने गोल्ड पर कब्जा किया, जबकि सिंहराज ने सिल्वर जीता। इन दोनों निशानेबाजों ने 50 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में भारत के लिए दो मेडल जीते। P4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएस-1 फाइनल में मनीष नरवाल ने 218.2 का स्कोर कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं सिंहराज (216.7) दूसरे स्थान पर रहे।
हरियाणा के कथूरा गांव के रहने वाले मनीष नरवाल ने महज 19 साल की उम्र में इतिहास रच दिया है। मनीष नरवाल ने पहले दो शॉट में 17.8 ही स्कोर किया था। लेकिन इसके बाद नरवाल ने शानदार वापसी की। पांच शॉट के बाद नरवाल टॉप थ्री में जगह बनाने में कामयाब रहे और पांच शॉट के बाद उनका स्कोर 45.4 था। 12 शॉट के बाद मनीष 104.3 के स्कोर के साथ पांचवें नंबर पर बने हुए थे।
इस पैरालंपिक में 39 साल के सिंहराज ने दूसरा मेडल हासिल किया। इससे पहले उन्हें 10m Air Pistol SH1 में कांस्य पदक मिला था। अवनि लखेरा के पास भी दो पदक हैं। उन्होंने गोल्ड के अलावा ब्रॉन्ज जीता है। वहीं सुमित अंतिल (Men’s Javelin Throw F64) ने स्वर्ण पदक दिलाया था।
मौजूदा पैरालंपिक में भारत ने अब तक 15 पदक जीते हैं। भारत के खाते में अब 3 स्वर्ण, 7 रजत और 5 कांस्य पदक हैं। यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। रियो पैरालंपिक (2016) में भारत ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे। आपको बता दें कि शनिवार को भारत के लिए बैडमिंटन में भी दो और मेडल पक्के हो चुके हैं।