1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. India-US Trade Deal: किसानों के हितों को लेकर कांग्रेस का विरोध, उमंग सिंघार का बड़ा बयान

India-US Trade Deal: किसानों के हितों को लेकर कांग्रेस का विरोध, उमंग सिंघार का बड़ा बयान

इंडिया-US ट्रेड डील के खिलाफ मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायकदल का सांकेतिक प्रदर्शन। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किसानों, मंडियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर खतरे की चेतावनी दी।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
India-US Trade Deal: किसानों के हितों को लेकर कांग्रेस का विरोध, उमंग सिंघार का बड़ा बयान

मध्यप्रदेश विधानसभा के सत्र के छठे दिन इंडिया-US ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस विधायकदल ने जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधानसभा परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें किसानों को संभावित नुकसान और केंद्र व राज्य सरकार की कथित किसान-विरोधी नीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई गई।

गांधी प्रतिमा के समक्ष विरोध, मुखौटों से जताया आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुए और नरेंद्र मोदी तथा डोनाल्ड ट्रम्प के मुखौटे पहनकर किसानों के साथ हो रहे अन्याय का प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस विधायकदल ने इस माध्यम से यह स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

किसानों, मंडियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर असर की चेतावनी

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह प्रदर्शन महज राजनीतिक नहीं, बल्कि अन्नदाताओं के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए उठाई गई सशक्त आवाज है। उन्होंने चेताया कि यदि सस्ता विदेशी सोयाबीन, मक्का और कपास भारतीय बाजार में प्रवेश करता है, तो इसका सीधा और गंभीर असर किसानों की आय, कृषि मंडियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

भाजपा सरकार पर किसान-विरोधी नीतियों का आरोप

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां लगातार किसान विरोधी रही हैं। कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और अन्नदाताओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ट्रेड एग्रीमेंट से पहले किसान हितों की सुरक्षा की मांग

कांग्रेस ने मांग की कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते से पहले देश के किसानों के हितों की व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने वाले प्रावधानों पर पुनर्विचार कर पारदर्शी चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लिया जाए।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...