भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित पटेल सिटी में एसटीएफ ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कफ सिरप पैकिंग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर एसटीएफ और नारकोटिक्स टीम द्वारा की गई।
छापेमारी के दौरान मौके से करीब 49,920 ऑनरेक्स कफ सिरप की शीशियां बरामद की गईं, जिनकी बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही पैकेजिंग सामग्री, खाली शीशियां, रैपर, मशीनें और एक लोडिंग वाहन भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने 7 आरोपियों और 3 किशोर अपचारियों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश भाटी, चंद्रपाल मुखिया, धानसिंह, अकील खान, हरिओम मोगिया, नरेश भाटी और अजय मोगिया शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशीले कफ सिरप के कार्टन मंगवाकर उनकी अवैध पैकिंग करते थे। मशीनों की मदद से बैच नंबर और एक्सपायरी डेट हटाकर उन्हें दोबारा पैक कर बड़े पैमाने पर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
एसटीएफ के अनुसार इस पूरे अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।