बालाघाट के लालबर्रा विकासखंड के ग्राम चिचगांव में रहने वाली लक्ष्मी हनवत को पहले रोज पानी की तलाश में लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। सुबह का अधिकतर समय पानी लाने में ही निकल जाता था, जिससे घर के काम और बच्चों की पढ़ाई दोनों प्रभावित होते थे।
ग्रामीण क्षेत्र में पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण महिलाओं और बच्चों को घंटों लाइन में लगकर या दूर स्थित हैंडपंप और कुओं से पानी लाना पड़ता था। इस वजह से कई बार बच्चों को स्कूल जाने में भी देरी हो जाती थी।
सरकार की “जल जीवन मिशन” योजना के तहत गांव में पानी की टंकी और पाइपलाइन बिछाकर घर-घर नल कनेक्शन दिए गए। इसके बाद लक्ष्मी हनवत के घर में भी नल से शुद्ध पेयजल की सुविधा शुरू हो गई, जिससे उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया।
घर में नल से पानी उपलब्ध होने के बाद अब लक्ष्मी हनवत समय पर अपने घरेलू कार्य कर पा रही हैं और बच्चों की पढ़ाई भी नियमित रूप से चल रही है। परिवार की दिनचर्या पहले से अधिक व्यवस्थित हो गई है।
ग्रामीणों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
लक्ष्मी हनवत ने कहा कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन को आसान बना दिया है और पानी की समस्या खत्म होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधा, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।