शिवपुरी में सोशल मीडिया पर सक्रिय ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के युवाओं ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने सरकार से शिक्षा नीति में सुधार और परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की।
प्रेस वार्ता में बिक्की यादव ने हाल ही में सामने आए नीट परीक्षा पेपर लीक मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।
युवाओं ने मध्यप्रदेश की भर्ती और परीक्षा प्रणाली में लागू नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यह प्रक्रिया जटिल है और छात्रों को अंक निर्धारण समझने में कठिनाई होती है, इसलिए इसे सरल और पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।
युवाओं ने कहा कि वर्ष 2024 में बनाए गए कानून के तहत पेपर लीक मामलों में 10 साल की सजा और एक करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं जारी हैं। उन्होंने सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
बिक्की यादव ने बताया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ फिलहाल एक सोशल मीडिया अभियान के रूप में सक्रिय है, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में युवा अपनी समस्याएं और नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। संगठन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाखों फॉलोअर्स और सब्सक्राइबर जुड़े हुए हैं।