शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा कलां निवासी किसान हरिवल्लभ धाकड़ जनसुनवाई में ग्रामीणों के साथ पहुंचे और बिजली विभाग की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। किसान ने प्रशासन से मामले की जांच कर राहत देने की मांग की।
किसान हरिवल्लभ धाकड़ ने बताया कि पेयजल संकट के समय उन्होंने अपने निजी कृषि विद्युत कनेक्शन से संचालित बोरवेल के माध्यम से गांव के लोगों को निःशुल्क पानी उपलब्ध कराया था। उनका कहना है कि यह कार्य ग्रामीणों की सुविधा और जरूरत को देखते हुए किया गया था।
किसान का आरोप है कि इसके बावजूद बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने उनके खिलाफ 1 लाख 82 हजार 716 रुपये का विद्युत प्रकरण बना दिया। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है।

जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने भी किसान के पक्ष का समर्थन किया। उनका कहना है कि गांव के कई परिवार हरिवल्लभ धाकड़ के बोरवेल से मिलने वाले पानी पर निर्भर हैं और संकट के समय उन्होंने निस्वार्थ भाव से सभी की मदद की थी।
किसान ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, विद्युत प्रकरण को निरस्त करने तथा संबंधित अधिकारी की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।