छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह का छिंदवाड़ा आगमन हुआ। उनके पहुंचने पर जिला कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।इसके बाद प्रभारी मंत्री जिला योजना समिति की बैठक में शामिल हुए, जहां शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति, विभागीय कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक में विवेक बंटी साहू सहित जिले के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव रखे।

प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाया जाए और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिला योजना समिति की बैठक के बाद प्रभारी मंत्री भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भी शामिल हुए। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री के दौरे को प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर भी फोकस किया गया।