बड़वानी जिले के राजपुर तहसील अंतर्गत ग्राम बिलवानी में माँ लक्ष्मी स्व सहायता समूह की अध्यक्ष पर महिलाओं ने करीब 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित महिलाएं मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचीं और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिलाओं के अनुसार, समूह की अध्यक्ष संगीता जैन ने बुककीपर की मदद से उनके नाम पर 6 लाख रुपये का लोन लिया। बैंक द्वारा 4 लाख 60 हजार रुपये खातों में ट्रांसफर किए गए, लेकिन बाद में यह राशि निकाल ली गई। आरोप है कि इसमें से केवल 1 लाख 90 हजार रुपये ही महिलाओं को दिए गए, जबकि बाकी रकम अध्यक्ष ने अपने पास रख ली।
पीड़ितों ने बताया कि 13 मार्च 2026 को शिकायत के बाद उनसे 1 लाख 43 हजार 500 रुपये जमा करवाए गए थे और आश्वासन दिया गया था कि शेष राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी, लेकिन अब तक कोई भुगतान नहीं हुआ है।
महिलाओं ने कलेक्टर से मांग की है कि अध्यक्ष संगीता जैन से कुल 5 लाख 13 हजार रुपये ब्याज सहित वापस दिलवाए जाएं। पीड़ितों का कहना है कि अब पूरा कर्ज उनके ऊपर चढ़ गया है।

कलेक्टर कार्यालय ने शिकायत को दर्ज कर लिया है। अब ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।