कटनी से बीना जा रही मेमू ट्रेन उस समय अखाड़ा बन गई, जब ट्रेन के भीतर अवैध वेंडरों और यात्रियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस हंगामे के कारण ट्रेन बकलेहटा स्टेशन पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही।
बताया जा रहा है कि कटनी से ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद ही सालीया के अवैध वेंडरों और दमोह के यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि वेंडरों ने मारपीट करते हुए धारदार वस्तु से एक-दो यात्रियों पर हमला कर लहूलुहान कर दिया।
शाम करीब 7:30 बजे जब ट्रेन रीठी थाना क्षेत्र के बकलेहटा स्टेशन पहुंची, तो वहां स्थिति और बिगड़ गई। हमले से आक्रोशित दमोह के कुछ युवक ट्रेन से उतरकर सीधे मेमू के इंजन में घुस गए। इसके चलते ट्रेन चालक को सुरक्षा कारणों से ट्रेन रोकनी पड़ी और तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इस दौरान स्टेशन पर दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी भी हुई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही उत्पात मचा रहे असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल डायल 112 की मदद से रीठी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच करीब एक घंटे की देरी से रात 8:30 बजे ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कटनी से आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की टीमें रात में ही मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और अवैध वेंडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कटनी से संवाददाता सत्येंद्र गौतम की रिपोर्ट