1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ: हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष की दिनदहाड़े हत्या

लखनऊ: हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष की दिनदहाड़े हत्या

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
लखनऊ: हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष की दिनदहाड़े हत्या

राजधानी लखनऊ में अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में रणजीत बच्चन की हत्या से सनसनी फैल गई है। वहीं, रणजीत के भाई को भी गोली लगी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब छह बजे हिन्दू महा सभा के अध्यक्ष रणजीत बच्चन अपने भाई के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हजरतगंज इलाके में सीडीआरआई के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला। 

बदमाशों ने उनके सिर में गोली मारी, जिससे उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया। बचाव में आए उनके भाई को भी गोली लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश आसानी से फरार हो गए। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

रणजीत बच्चन हजरतगंज की ओसीआर बिल्डिंग के बी ब्लॉक में रहते थे। ग्लोब पार्क से निकलते वक्त बाइक सवार बदमाशों ने उनपर हमला कर दिया। गोली लगने से उनका भाई भी घायल हुआ है। रणजीत के भाई को हाथ में गोली लगी है। उसे घायल हालत में ट्रामा में भर्ती किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

आपको बता दें कि 18 अक्तूबर को हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की दो लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। दोनों बदमाश भगवा कपड़े पहने हुए थे और मिठाई के डिब्बे में पिस्टल व चाकू छिपाकर लाए थे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...