1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सीहोर में सावन की भव्य कांवड़ यात्रा, 2 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

सीहोर में सावन की भव्य कांवड़ यात्रा, 2 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

सीहोर में सावन मास के अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। सीवन नदी से जल भरकर श्रद्धालुओं ने करीब 11 किलोमीटर की पदयात्रा कर कुबेरेश्वर धाम में जलाभिषेक किया। यात्रा में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया गया।

By: Nivedita 
Updated:
सीहोर में सावन की भव्य कांवड़ यात्रा, 2 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

सीहोर। सावन मास के अवसर पर सीहोर में भगवान शिव की भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में आयोजित कांवड़ यात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजकों के अनुसार यात्रा में 2 लाख से अधिक शिवभक्तों ने सहभागिता की।

सीवन नदी से शुरू हुई यात्रा

कांवड़ यात्रा की शुरुआत सीहोर की सीवन नदी के तट से हुई। यहां पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी से जल भरा और कांवड़ लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ आगे बढ़े। श्रद्धालुओं के बीच ‘हर-हर महादेव’ और ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यम्’ के जयघोष गूंजते रहे। भक्ति और आस्था से सराबोर वातावरण में कांवड़ियों ने करीब 11 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी की।

कुबेरेश्वर धाम में किया जलाभिषेक

कांवड़ यात्रा का समापन कुबेरेश्वर धाम (चितावलिया हेमा) में हुआ। यहां पहुंचकर शिवभक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा और सेवा

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों ने शिवभक्तों के लिए फलाहार और पेयजल की व्यवस्था की। कई जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।

सुरक्षा और यातायात की रही विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति श्री विट्ठलेश सेवा समिति की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी निगरानी रखी गई। कांवड़ यात्रा के दौरान सीहोर में धार्मिक आस्था और शिवभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भगवान शिव के जयघोष से गूंजता रहा।

 

रिपोर्ट – कन्हैया नाथ

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...