1. हिन्दी समाचार
  2. बड़ी खबर
  3. दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत तक बढ़ाना सरकार का लक्ष्य : CM डॉ. मोहन

दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत तक बढ़ाना सरकार का लक्ष्य : CM डॉ. मोहन

खुरई में 312 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण, बुंदेलखंड को मिली एक हजार करोड़ से अधिक की सौगात...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत तक बढ़ाना सरकार का लक्ष्य : CM डॉ. मोहन

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को वर्तमान 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित 312 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

किसान कल्याण वर्ष-2026 में कृषि बनेगी लाभ का धंधा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष-2026 के तहत सरकार कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। भावांतर योजना से किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है, वहीं विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं से भविष्य में पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक बगिया मां के नाम योजना के अंतर्गत एक एकड़ में बगिया लगाने पर किसानों को 2 लाख रुपए तक की सहायता दी जा रही है।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए डेयरी और गौशालाओं को प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती के साथ-साथ पशुपालन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। 25 गायों के साथ डेयरी स्थापित करने पर 40 लाख रुपए की योजना में 10 लाख रुपए तक का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

महिलाओं की मुस्कान ही मेरी शक्ति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि “बहनों की मुस्कान ही मेरी शक्ति है” और महिला उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

किसान कल्याण वर्ष-2026 में कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए सरकार कर रही कार्य मुख्यमंत्री ने खुरई विधानसभा क्षेत्र को दीं एक हजार करोड़ की सौगातें

केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड में समृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड के खेत-खलिहानों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। इससे क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ेगा और बुंदेलखंड में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड वीरों, दानवीरों और स्थापत्य कला की भूमि है, जहां खजुराहो और ओरछा जैसी विश्व प्रसिद्ध धरोहरें स्थित हैं।

खुरई को मिलीं बड़ी विकास घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से रिमोट के माध्यम से 312 करोड़ रुपए के 86 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इसके साथ ही खुरई विधानसभा क्षेत्र को एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास सौगातें दी गईं।

उल्दन बांध परियोजना 2026 तक होगी पूरी

मुख्यमंत्री द्वारा की गई प्रमुख घोषणाएं

  • 500 करोड़ की लागत से राहतगढ़-खुरई रोड का निर्माण

  • 429 करोड़ की बीना नदी परियोजना से 90 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी

  • खुरई कृषि महाविद्यालय के भवन व सुविधाओं के लिए 25 करोड़ रुपए

  • खुरई में नवीन आईटीआई की स्थापना

  • खुरई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एथलेटिक ट्रैक

  • मालथौन में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

  • दो सांदीपनि विद्यालयों की शुरुआत

  • रजवास में 133 केवी विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना

खुरई में पहली बार आकर प्रसन्नता

मुख्यमंत्री ने कहा कि खुरई आकर उन्हें अपार प्रसन्नता हुई और जनता के उत्साह के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर नागरिकों का अभिवादन किया और कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित जनसमूह पर पुष्पवर्षा भी की।

खुरई में भव्य रोड-शो, उमड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के खुरई आगमन पर 6 किलोमीटर लंबा भव्य रोड-शो निकाला गया। बुंदेली परंपरा के अनुसार ढोल-नगाड़ों, लोकनृत्यों, राई, बधाई, दिवारी नृत्य और मलखंभ की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। रोड-शो मार्ग पर 151 से अधिक स्वागत द्वार लगाए गए थे। लाड़ली बहनों ने कलश रखकर आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि बुंदेलखंड अब शिक्षा, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खुरई दौरे ने स्पष्ट कर दिया कि सरकार का फोकस किसान, महिला, युवा और ग्रामीण विकास पर है। दुग्ध उत्पादन, सिंचाई, उद्योग और बुनियादी ढांचे में किए जा रहे निवेश से बुंदेलखंड और खुरई क्षेत्र को नई विकास दिशा मिलने जा रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...