नई दिल्ली : सोने के बाजार में बुधवार को एक बार फिर से गिरावट देखने को मिल रही है। दिवाली में सोने में तेजी रही, लेकिन मंगलवार से इसमें गिरावट दर्ज की जा रही है। आज मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना सुबह 9.25 पर 0.14% गिर गया था। 69 रुपये की मामूली गिरावट के बाद इसकी कीमत 48,218 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रही थी। पिछले सत्र में यह 48,287 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अगर चांदी की बात करें तो आज एमसीएक्स पर चांदी ने उछाल दर्ज की है। चांदी आज 0.37% उछली है। 237 रुपये प्रति किलोग्राम की अच्छी बढ़त के साथ इसकी कीमत 64,807 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज हुई। पिछली क्लोजिंग इसकी 64,570 रुपये के स्तर पर हुई थी। बुधवार को दस ग्राम 24 कैरेट सोना पिछले कारोबारी सत्र की तुलना में 40 रुपये की गिरावट के साथ 47,990 रुपये पर बिक रहा है। एमसीएक्स के मुताबिक, दस ग्राम 22 कैरेट सोना 46,990 रुपये पर बिक रहा है। दूसरी कीमती धातु चांदी के दाम में बुधवार को 236 रुपये की तेजी आई और इस बढ़त के साथ एक किलोग्राम चांदी 64,806 रुपये पर बिक रही है।
दिल्ली में 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 51,400 रुपये है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 47,150 रुपये है। मुंबई में बुधवार को 24 कैरेट और 22 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 47,990 रुपये और 46,990 रुपये है। कोलकाता में 10 ग्राम 24-कैरेट सोने की कीमत 50,150 रुपये और 22 कैरेट के 47,450 रुपये है। चेन्नई में कीमतें 49,390 रुपये और 45,270 रुपये हैं।
आभूषण बनाने के लिए ज्यादातर 22 कैरेट का ही इस्तेमाल होता है। कुछ लोग 18 कैरेट सोने का भी इस्तेमाल करते हैं। आभूषण पर कैरेट के हिसाब से हॉल मार्क बना होता है। 24 कैरेट सोने के आभूषण पर 999 लिखा होता है, जबकि 23 कैरेट पर 958, 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है।
ऐसे जाने अपने शहर में सोने-चांदी की कीमतें
देश भर में सोने के आभूषणों की कीमत उत्पाद शुल्क, राज्य करों और मेकिंग चार्ज के कारण बदलती रहती है। आप अपने शहर सोने की कीमत मोबाइल पर भी चेक कर सकते हैं। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक आप सिर्फ 8955664433 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर प्राइस चेक कर सकते हैं। आप जिस नंबर से मैसेज करते हैं उसी नंबर पर आपके मैसेज आ जाएगा। इस तरह आप घर बैठे सोने के लेटेस्ट रेट जान लेंगे।