बिग बॉस फेम गौहर खान और संगीतकार इस्माइल दरबार के बेटे जैद दरबार की शादी की रस्में शुरू हो गई हैं। जैद और गौहर ने अपनी वेडिंग को (गाजा) नाम दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी वेडिंग फेस्टिविटीज के पहले फंक्शन की फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। पहले दिन कपल की चिकसा सेरेमनी हुई, जिसके बारे में गौहर और जैद ने एक ही कैप्शन के साथ फैन्स को जानकारी दी।
गौहर खान और जैद दरबार 25 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। इससे पहले उनकी शादी की रस्में भी शुरू हो गई हैं। शादी की रस्म में जबरदस्त तरीके से जश्न मनाया गया। इस जश्न का वीडियो भी सामने आ गया है।
वीडियो में गौहर खान और जैद दरबार काफी खुश नजर आ रहे हैं और ढोल ही घुन पर पैर थिरकाते दिख रहे हैं। वहीं जैद दरबार के पिता इस्माइल दरबार और गौहर खान के माता-पिता भी जमकर डांस करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान गौहर खान के माता-पिता थोडे़ इमोश्नल भी नजर आए।
दोनों मुंबई के आईटीसी मराठा लग्जरी होटल में निकाह करने वाले हैं। जबकि प्री वेडिंग शूट पुणे के जाधवगढ़ होटल में हुआ। इस शादी में गौहर और जैद के परिवार के करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हो सकेंगे। मेहमानों की कटौती कोरोना महामारी को देखते हुए की गई है।
कुछ दिनों पहले ही गौहर ने शादी की डेट की अनाउंसमेंट की थी। गौहर ने जैद के साथ फोटो शेयर कर लिखा था, ‘हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं और जैद शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। अभी जो सिचुएशन है उसे देखते हुए हम इस बड़े दिन को परिवार के साथ सेलिब्रेट करेंगे।