देहरादून : पूर्व निर्वाचन आयुक्त सुबर्धन शाह व पूर्व आइपीएस अनंत चौहान ने आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ग्रहण की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों पूर्व नौकरशाह को सदस्यता दिलाई।
आप उत्तराखंड के प्रभारी दिनेश मोहनिया ने बताया कि तीन दिन पहले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कपरवाण ने दिल्ली में आप की सदस्यता ग्रहण है। इसके बाद गुरुवार को उत्तराखंड के पूर्व निर्वाचन आयुक्त सुबर्धन शाह और पूर्व आइपीएस अनंत राम चौहान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर आप पार्टी का दामन थामा।
मोहनिया ने कहा कि इन दोनों ही अफसरों ने प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में अपनी सेवाएं दी हैं। यहां की समस्याएं दोनों अधिकारी बहुत अच्छे से जानते और समझते हैं। पार्टी को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा। आगे भी कई ऐसे लोग हैं, जो पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में उत्तराखंड में स्थापित करना चाहते हैं।
वहीं, काशीपुर में आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट गई है। दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आइकन दर्शाते हुए उत्तराखंड में भी अभूतपूर्व विकास करने का दावा किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को पार्टी द्वारा दिल्ली में किए गए कार्यो का बखान करने को कहा गया है। संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा के लिए आए जोनल प्रभारी सुनील लोहिया और सेक्टर प्रभारी राजू निर्मल ने दावा किया कि 2022 में उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की ही सरकार बनेगी। सरकार के गठन में काशीपुर विधानसभा सीट मील का पत्थर साबित होगी।