1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. कुरवाई क्षेत्र के किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का माना आभार, कोठा बैराज से मिलेगा बड़ा लाभ

कुरवाई क्षेत्र के किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का माना आभार, कोठा बैराज से मिलेगा बड़ा लाभ

कोठा बैराज डैम परियोजना से विदिशा जिले के 83 गांवों को सिंचाई और 325 गांवों को पेयजल सुविधा मिलेगी। किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
कुरवाई क्षेत्र के किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का माना आभार, कोठा बैराज से मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक हरि सिंह सप्रे के नेतृत्व में विदिशा जिले की कुरवाई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोठा से आए 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में भेंट की। इस दौरान किसानों और ग्रामीणों ने कोठा बैराज डैम परियोजना को स्वीकृति और गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लगभग 83 गांवों को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही 325 गांवों को पेयजल सुविधा मिलने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

बैराज पर पुल निर्माण का रखा गया अनुरोध

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह भी अनुरोध रखा कि बैराज डैम पर लगभग 10 फीट ऊंचा पुल निर्मित किया जाए, जिससे क्षेत्र में वाहनों के आवागमन की सुविधा सुनिश्चित हो सके। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, बल्कि कृषि उपज के परिवहन और आपातकालीन सेवाओं में भी तेजी आएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक परीक्षण एवं कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषक हित और जल संसाधन विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और ऐसी परियोजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...