1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. किराये के नाम पर किसानों से ठगी: अलग-अलग जिलों से 20 ट्रैक्टर जब्त, शातिर आरोपी गिरफ्तार

किराये के नाम पर किसानों से ठगी: अलग-अलग जिलों से 20 ट्रैक्टर जब्त, शातिर आरोपी गिरफ्तार

इस मामले मेंं पुलिस ने लंबे समय से किसानों को निशाना बना रहे आरोपी रफीक पिता गनी मोहम्मद निवासी माधोपुरा को गिरफ्तार किया है।

By: Naredra 
Updated:
किराये के नाम पर किसानों से ठगी: अलग-अलग जिलों से 20 ट्रैक्टर जब्त, शातिर आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन जिले में किसानों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी किसानों से ट्रैक्टर किराये पर लेकर उन्हें बेच देता था या गिरवी रख देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए कीमत के 20 ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने पुलिस टीम का स्वागत कर आभार जताया।

पूरा मामला उज्जैन जिले के बड़नगर और भाटपचलाना थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जहां पुलिस ने लंबे समय से किसानों को निशाना बना रहे आरोपी रफीक पिता गनी मोहम्मद निवासी माधोपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण इलाकों के भोले-भाले किसानों को अधिक मासिक किराया देने का लालच देता था। इसके बाद वह ट्रैक्टर किराये पर लेकर उन्हें दूसरे जिलों और राज्यों में बेच देता था या गिरवी रख देता था।

आरोपी न तो किसानों को तय किराया देता था और न ही ट्रैक्टर वापस लौटाता था। इतना ही नहीं पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपने मोबाइल नंबर बदलता रहता था। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एसडीओपी खाचरौद आकांक्षा बछोटे के निर्देशन में थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह चौधरी और उनकी टीम ने 30 अप्रैल को यह बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 20 ट्रैक्टर बरामद किए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए बताई जा रही है। एसडीओपी आकांक्षा बछोटे ने प्रेस वार्ता में बताया कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने किसानों को निशाना बनाया और ट्रैक्टर कहां-कहां बेचे गए। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके के किसानों और ग्रामीणों में राहत का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस टीम का स्वागत कर उनका सम्मान भी किया।

उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...