नई दिल्ली : दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के मलिक एलन मस्क को ट्विटर पर लोगों से राय लेना महंगा पड़ गया। इस सप्ताह के शुरुआती दो दिन में ही 50 अरब डॉलर कम हो गई। इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के शेयरों में लगातार दूसरे दिन आई गिरावट इसकी मुख्य वजह है।
ब्लूमबर्ग के बिलियनेयर्स इंडेक्स के इतिहास में यह किसी अरबपति की दौलत में महज दो दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है। एक दिन में सबसे अधिक संपत्ति गंवाने के मामले में भी मस्क दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। एक दिन में सबसे अधिक संपत्ति गंवाने का रिकॉर्ड अमेजन के जेफ बेजोस के नाम दर्ज है। मैकेंजी स्कॉट के साथ 2019 में तलाक के बाद एक दिन में बेजोस की दौलत 36 अरब डॉलर कम हुई थी। मंगलवार को मस्क की दौलत में 35 अरब डॉलर की गिरावट आई।
टेस्ला के शेयरों में एक ट्वीट ने ला दिया भूकंप
टेस्ला के शेयरों में आई यह हालिया गिरावट एलन मस्क के एक ट्वीट के कारण है। एलन मस्क ने बीते दिनों टेस्ला की अपनी 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेवने को लेकर ट्विटर पर एक पोल आयोजित किया था। इस पोल में ट्विटर पर 35 लाख से अधिक लोगों ने वोट किया। इनमें से 58 प्रतिशत ने शेयर बेचने के पक्ष में वोट किया। मस्क ने पोल के तुरंत बाद एक अन्य ट्वीट में वादा किया था कि इसका रिजल्ट चाहे जो आए, वह उसका पालन करेंगे। इस आधार पर अब मस्क को टेस्ला में अपनी हिस्सेदारी 10 प्रतिशत घटानी पड़ेगी।
मस्क के छोटे भाई ने बेचे टेस्ला के 11 करोड़ डॉलर के शेयर
इस पोल के कुछ ही समय पहले एलन मस्क के भाई किम्बल मस्क ने 10.9 करोड़ डॉलर के टेस्ला के शेयरों की बिक्री की थी। इस खबर के सामने आने से भी टेस्ला के शेयरों के भाव को नुकसान पहुंचा। किम्बल ने करीब 1,230 डॉलर के भाव पर 88,500 शेयरों की बिक्री की। उन्होंने टेस्ला के 25 हजार शेयर एक चैरिटी को दान भी किया।
अभी भी सबसे दौलतमंद व्यक्ति हैं एलन मस्क
हालांकि इस गिरावट के बाद भी एलन मस्क दुनिया के सबसे दौलतमंद व्यक्ति बने हुए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, मस्क के पास अभी 288 अरब डॉलर की संपत्ति है। यह दूसरे स्थान पर काबिज बेजोस की दौलत से अभी भी 83 अरब डॉलर अधिक है। दो दिन पहले यह फासला 143 अरब डॉलर का था। यह दुनिया के चौथे सबसे रईस व्यक्ति बिल गेट्स की पूरी दौलत से भी अधिक है। साल के हिसाब से देखें तो एलन मस्क अभी भी फायदे में ही हैं। इस गिरावट के बाद भी 2021 में अब तक उनकी संपत्ति में 119 अरब डॉलर यानी 69.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। टेस्ला का एमकैप अभी भी 1000 अरब डॉलर से ऊपर ही है। कंपनी का एमकैप पहली बार पिछले महीने 1000 अरब डॉलर के स्तर के पार गया था। टेस्ला अभी दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कार कंपनी है।