मध्यप्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पर एफआईआर दर्ज करवाने तक की भी बात कह डाली।
आपको बता दें, मंगलवार को राजगढ़ लोसलसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके पूर्व उन्होंने अपनी पत्नी के साथ राजगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां जालपा के दर्शन किए व क्षेत्र के लिए मंगलकामनाएं की।
वहीं, सोमवार को भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर की नामांकन सभा के दौरान भाजपा के दिग्गज नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब भी दिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की बात तक कह डाली।
दरअसल, सोमवार को राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी रोडमल नागर के द्वारा मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया गया था।
जहां सभी दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को रामद्रोही सहित अन्य उपाधियां तक दे डाली। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा तो ये तक कह गए कि दिग्विजय सिंह आतंकवादियों को गले लगाते हैं।
दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 1980 में राजगढ़ प्रभारी मंत्री बना, फिर सांसद, मुख्यमंत्री बना. 1980 से लेकर 2003 तक जितना पलायन होता था उस समय 50 से 60% पलायन कम हुआ, क्योंकि यहां सिंचाई के साधन हो गए। हमने वाटर सेट मिशन चालू किया। जन संसाधनों का विस्तार हुआ।
हमने यहां पर आईटीआई डिप्लोमा- पॉलिटेक्निक खोले। साथ ही सारंगपुर पीलूखेड़ी विजयपुर में कारखाने खुलवाए। मेरे ऊपर आरोप लगता है। मैं राजगढ़ जिले के सारे कारखाने को राघोगढ़ ले गया, आप एक भी बता दीजिए कौन से कारखाने को ले गया। दिग्विजय सिंह ने अपनी कई अन्य उपलब्धियों को भी गिनाया।