नई दिल्ली : IPL 2021 में फाइनल का टिकट कटा चुके चेन्नई सुपर किंग्स और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टी20 विश्व कप को लेकर बड़ा ऐलान किया है। जिससे उनके फैंस काफी खुश है, वहीं क्रिकेट जगत भी उनकी काफी तारीफ कर रहे है। आपको बता दें कि आगामी टी-20 विश्व कप के लिए मेंटर के रुप में नियुक्त धोनी ने कहा है कि वे अपनी इस भूमिका को लेकर किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लेंगे।
इसे लेकर बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड धोनी का आभारी है, क्योंकि महान क्रिकेटर इस दौरान टीम की सेवा करने के लिए सहमत हुए। शाह ने कहा कि, “एमएस धोनी विश्व कप के दौरान भारतीय टीम के मेंटर के रूप में अपनी भूमिका के लिए एक पैसा भी नहीं लेंगे।” बता दें कि यह मैच 17 अक्टूबर से ओमान और यूएई में खेला जाएगा।
40 वर्षीय धोनी ने 2007 में टी20 क्रिकेट में आगाज किया था, इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। आपको बता दें कि धोनी ने भारत के लिए अब तक सबसे ज्यादा 200 वनडे में कप्तानी की। इसमें भारत को 110 में जीत मिली। वह दुनिया के तीसरे ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी की है। माही ने 90 टेस्ट, 349 वनडे और 98 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले। 2015 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। धोनी ने अपनी कप्तानी में देश को 2007 में टी-20 और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप के अलावा 2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी जिताई है।
उन्होंने अगस्त 2020 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। हालांकि धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलना जारी रखा है और धोनी ने बतौर कप्तान आईपीएल में सबसे ज्यादा 104 मैच जीते हैं। इसमें सबसे ज्यादा 99 मैच चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए जीते, जबकि 5 मैच राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को जीताए हैं। दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने अपनी टीम को 104 में से 60 मैचों में जीत दिलाई है।सीएसके क्वालिफायर में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आईपीएल 2021 के फाइनल में पहुंच गई है।