1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. किसानों की फसल पर सिरफिरे का हमला, केले के लूंगर काटकर किसानों को लगाया लाखों का चूना

किसानों की फसल पर सिरफिरे का हमला, केले के लूंगर काटकर किसानों को लगाया लाखों का चूना

बुरहानपुर के अड़गांव में अज्ञात बदमाश ने 200 केले के लूंगर काटकर किसानों को डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया। लगातार एक ही परिवार के किसानों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।

By: BS Yadav 
Updated:
किसानों की फसल पर सिरफिरे का हमला, केले के लूंगर काटकर किसानों को लगाया लाखों का चूना

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में किसानों की मेहनत पर अज्ञात बदमाश लगातार पानी फेर रहे हैं। शाहपुर थाना क्षेत्र के अड़गांव में एक बार फिर केले की फसल को निशाना बनाया गया है। अज्ञात व्यक्ति ने रात के अंधेरे में खेत में घुसकर करीब 200 केले के लूंगर (गुच्छों) को काटकर जमीन पर फेंक दिया, जिससे किसानों को डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

ग्रामीणों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। तीन दिन पहले भी किसान छोटू साहेबराव चौधरी की केले की फसल को नुकसान पहुंचाया गया था। अब उसी परिवार से जुड़े तीन अन्य किसानों काशीनाथ निंबाजी चौधरी (उप सरपंच), संजय बिजलाल चौधरी और विजय प्रकाश चौधरी के खेतों को निशाना बनाया गया है।

किसानों का कहना है कि अज्ञात बदमाश लगातार एक ही परिवार की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। इस बार करीब 200 छोटे केले के लूंगर काट दिए गए, जिससे डेढ़ लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। इससे पहले हुई घटना में भी लगभग 60 हजार रुपये की फसल बर्बाद कर दी गई थी।

लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है। किसानों का कहना है कि वे भारी मेहनत और लागत से फसल तैयार करते हैं, लेकिन कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी मेहनत को रातों-रात बर्बाद कर रहा है। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि किसानों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।लगातार किसानों की फसल को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल अड़गांव के किसान इस बात को लेकर चिंतित हैं कि उनकी मेहनत पर दराती चलाने वाला यह अज्ञात शख्स कौन है और कब तक उनकी फसलें सुरक्षित रह पाएंगी।

रिपोर्ट : राजू सिंह राठौड़

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...