1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. Delhi: दिल्ली को मिलेगा नया मुख्यमंत्री! दलित पर दांव खेल सकती है भाजपा, 13 फरवरी के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण

Delhi: दिल्ली को मिलेगा नया मुख्यमंत्री! दलित पर दांव खेल सकती है भाजपा, 13 फरवरी के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। भाजपा दिल्ली में नया चेहरा ला सकती है और इस बार दलित समुदाय से किसी नेता को सीएम बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।

By: Rekha 
Updated:
Delhi: दिल्ली को मिलेगा नया मुख्यमंत्री! दलित पर दांव खेल सकती है भाजपा, 13 फरवरी के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। भाजपा दिल्ली में नया चेहरा ला सकती है और इस बार दलित समुदाय से किसी नेता को सीएम बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच इस मुद्दे पर लंबी चर्चा हुई।

13 फरवरी के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 13 फरवरी के बाद होने की संभावना है। पीएम मोदी 10 से 13 फरवरी तक फ्रांस और अमेरिका दौरे पर रहेंगे। भाजपा चाहती है कि नई सरकार के शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री की मौजूदगी रहे, इसलिए यह आयोजन उनकी वापसी के बाद किया जाएगा।

भाजपा में मुख्यमंत्री के चयन की कवायद तेज

नए मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा के भीतर बैठकों का दौर जारी है। रविवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच डेढ़ घंटे की मैराथन बैठक हुई, जिसमें संभावित उम्मीदवारों और सरकार के गठन पर चर्चा हुई।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद के लिए प्रवेश वर्मा सहित कई नाम चर्चा में हैं। पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव समेत अन्य राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए फैसला लेगी। भाजपा दलित समुदाय से किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाने पर भी विचार कर रही है।

इसके अलावा, पार्टी पहले की तरह कोई चौंकाने वाला निर्णय भी ले सकती है और किसी लो-प्रोफाइल नेता को सीएम पद की जिम्मेदारी सौंप सकती है, जैसा कि अन्य राज्यों में किया गया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

‘शीशमहल’ नहीं होगा नए मुख्यमंत्री का आवास

चुनाव के दौरान चर्चा में रहे पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास (6, फ्लैगस्टाफ रोड) को भाजपा ने ‘शीशमहल’ का नाम दिया था। अब पार्टी ने तय किया है कि यह इमारत नए मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास नहीं होगी। इसे अस्थायी रूप से लोगों के दर्शन के लिए खोला जा सकता है।

भाजपा विधायकों ने निकाली विजय रैली, जनता का जताया आभार

भाजपा के विजयी उम्मीदवारों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां निकालकर जनता का धन्यवाद किया।

करावल नगर से कपिल मिश्रा
आदर्श नगर से राजकुमार भाटिया
जंगपुरा से तरविंदर सिंह मारवाह
मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय
रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता

इन सभी विधायकों ने विजय रैली निकालकर जनता का आभार व्यक्त किया। प्रवेश वर्मा ने अपने क्षेत्र के लोगों को लड्डू खिलाकर जीत का जश्न मनाया।

विधानसभा में भ्रष्टाचार पर खुलासे की तैयारी
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विधानसभा में सीएजी की 14 रिपोर्ट्स आते ही ‘आप’ सरकार के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो जाएगा। वहीं, प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की जीत है।

दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सबकी नजरें नए मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हैं। फैसला जल्द ही सामने आ सकता है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...