राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य क्रांति गौड़ को सम्मानित किया गया। राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त रूप से क्रांति का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने मंच पर उन्हें एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया।




छतरपुर जिले के घुवारा की रहने वाली क्रांति गौड़ ने महिला क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट झटके थे। वे जनजातीय समाज से आने वाली उन प्रतिभाओं में से हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।

पीएम मोदी वर्चुअली जुड़े, बोले— भारत की जनजातीय बेटी ने दुनिया में बजाया डंका
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने क्रांति गौड़ और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रशंसा करते हुए कहा— “विश्व कप में भारत की महिला क्रिकेट टीम की एक जनजातीय बेटी ने अहम भूमिका निभाई। देश आज उसकी उपलब्धि पर गर्व करता है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा—“31 अक्टूबर को हमने सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई। और आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मना रहे हैं। मैं भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम करता हूं।”

मंच पर झूमे मंत्री विजय शाह, ‘शालिनी ऐप’ का शुभारंभ
कार्यक्रम में आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह ने कलाकारों के साथ ढोल बजाते हुए आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर ‘शालिनी ऐप’ का भी शुभारंभ किया गया। यह ऐप जनजातीय समुदाय के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित समारोह में जनजातीय समुदाय के उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित समारोह में विश्व विजेता महिला क्रिकेट टीम की सदस्य क्रांति गौड़ को एक करोड रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक भेंट किया।