1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. कांग्रेस प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के अपने अधूरे मिशन को पूरा करने में जुटेगी, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव जल्द करेंगे प्रदेश का दौरा

कांग्रेस प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के अपने अधूरे मिशन को पूरा करने में जुटेगी, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव जल्द करेंगे प्रदेश का दौरा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कांग्रेस प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के अपने अधूरे मिशन को पूरा करने में जुटेगी, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव जल्द करेंगे प्रदेश का दौरा

देहरादून: विधानसभा के चार दिनी सत्र में सरकार को तल्ख तेवरों से हलकान करने के बाद कांग्रेस प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के अपने अधूरे मिशन को पूरा करने में जुटेगी। इसके लिए प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव जल्द प्रदेश का दौरा करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। चार दिनी विधानसभा सत्र में पार्टी ने अपने सियासी तरकश से हर वो तीर निकाला, जिससे सरकार को तीखे जख्म दिए जा सकें। सरकार पर हमले के साथ ही पार्टी प्रदेश में अपने संगठन को चुस्त करने पर जोर दे रही है। इस कड़ी में जल्द ही प्रदेश संगठन को 2022 के विधानसभा चुनाव के मोर्चे पर उतारा जा रहा है। विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने के लिए बड़े पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

हर जिले का प्रभार प्रदेश उपाध्यक्षों को सौंपा जाएगा। पार्टी के 25 सांगठनिक जिले हैं। इन जिलों का प्रभार प्रदेश अध्यक्ष संभालेंगे। वहीं जिलेवार तीन से चार विधानसभा क्षेत्रों का समूह बनाकर एक प्रदेश महामंत्री को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ब्लॉक स्तर पर प्रदेश सचिव को जिम्मेदारी दी जाएगी। ब्लॉक से लेकर जिलों समेत सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी नियोजित तरीके से कार्यक्रम संचालित करेगी। इसके पीछे जन समस्याओं से सीधे जुडऩे की मंशा है। दरअसल भाजपा के पास वर्तमान में प्रचंड बहुमत है। ऐसे में मुकाबले के लिए कांग्रेस को कड़ी तैयारी करनी पड़ रही है।

प्रदेश में सांगठनिक सक्रियता को लेकर यह कवायद प्रदेश प्रभारी देंवेंद्र यादव के निर्देशन में की गई है। बीती 21 दिसंबर को देहरादून दौरे पर आए देवेंद्र यादव संगठन को लेकर उक्त फैसला लेते, लेकिन इसमें बाधा उत्पन्न हो गई। कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं वयोवृद्ध नेता मोतीलाल वोरा के निधन के चलते यह कसरत अंजाम तक नहीं पहुंच पाई।

अब इसके लिए देवेंद्र यादव जल्द ही उत्तराखंड का दौरा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह प्रदेश प्रभारी से देहरादून के साथ ही हल्द्वानी में दौरा कार्यक्रम तय करने का अनुरोध कर चुके हैं। प्रभारी ने इस पर सहमति जताते हुए इस संबंध में सकारात्मक संकेत भी दिए हैं।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...