सिंगरौलीः नगर निगम की कथित अनियमितताओं और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ने जोरदार हमला बोला है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम सिंगरौली में भ्रष्टाचार चरम पर है और शहर की मूलभूत सुविधाएं बदहाल हो चुकी हैं। सड़कों की स्थिति जर्जर है, सरकारी प्लॉटों का अनैतिक आवंटन किया जा रहा है तथा सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सफाई के नाम पर कंपनियां केवल भुगतान ले रही हैं, जबकि शहर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा हुआ है और कचरा वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं।
प्रवीण सिंह चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि D2 आवास पर अवैध कब्जा अब तक नहीं हटाया गया है और अवैध शराब दुकानों के संचालन जैसे मुद्दों पर भी नगर सरकार पूरी तरह विफल रही है।
किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना था कि गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पा रही है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। मजबूरी में किसान अपनी उपज कम दामों पर बेचने को विवश हैं और बैंक ऋण चुकाने में असमर्थ होने के कारण डिफॉल्टर होते जा रहे हैं।
इसके अलावा स्मार्ट मीटर को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि मीटर तेज चलने से आम जनता पर बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 10 अप्रैल 2026 को नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही व्यापक जन आंदोलन की भी रणनीति बनाई जा रही है।
सिंगरौली से संवाददाता अमित पाण्डेय की रिपोर्ट