बैतूलः भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडलेवाल की सुपुत्री सुश्री सुरभि खंडेलवाल का 11 मार्च को आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद आज न्यू बैतूल ग्राउंड में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान शोक और संवेदनाओं का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडिया जगत की हस्तियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने दिवंगत सुश्री सुरभि खंडेलवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग मंत्री इन्दर सिंह परमार, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग मंत्री नारायण सिंह कुशवाह सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सुरभि खंडेलवाल के असामयिक निधन को समाज और क्षेत्र के लिए गहरी क्षति बताया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा वातावरण भावुक हो गया। मंच से लेकर मैदान तक मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम नजर आईं। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और उनके व्यक्तित्व एवं जीवन को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
इसके पश्चात मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।