निवाड़ी। जिले को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अहम डिजिटल पहल की है। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में जिले के सभी नगर निकायों में स्वच्छता हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक अब अपनी स्वच्छता संबंधी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकेंगे।
अब गंदगी, कचरे का ढेर, जाम नालियां या सड़क पर फैली अव्यवस्था की शिकायत करने के लिए केवल एक फोटो लेना ही पर्याप्त होगा। नागरिक संबंधित नगर निकाय के व्हाट्सएप नंबर पर फोटो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत प्राप्त होते ही सफाई टीम को मौके पर भेजा जाएगा और समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ना है। प्रशासन का मानना है कि जनता की सक्रिय भागीदारी से ही शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों के लिए जिले के विभिन्न नगर निकायों के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं—
* नगर परिषद ओरछा – 8982167109
* नगर परिषद तरीचर – 9752356644
* नगर परिषद जेरोन – 9893391348
* नगर परिषद पृथ्वीपुर – 9329295028
* नगर परिषद निवाड़ी – 9691421772
जिला प्रशासन ने अपील की है कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। इस नई डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से निवाड़ी जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।