अजयगढ़, पन्ना। शासकीय महाविद्यालय अजयगढ़ में प्राचार्य पर छात्राओं से छेड़छाड़ के लगाए गए आरोपों को लेकर महाविद्यालय प्रशासन ने अपना पक्ष सामने रखा है। कॉलेज के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार अजयगढ़ को ज्ञापन सौंपकर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को कुछ छात्र-छात्राओं द्वारा तहसीलदार को ज्ञापन दिया गया था, जिसमें प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए गए। कॉलेज प्रशासन ने इन आरोपों को असत्य और आधारहीन बताते हुए अपना पक्ष प्रशासन के समक्ष रखा है।
ज्ञापन में महाविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि कुछ छात्र-छात्राओं की कथित अनुशासनहीन गतिविधियों पर रोक लगाने के बाद प्राचार्य के खिलाफ द्वेषवश गंभीर आरोप लगाए गए। प्रशासन ने अपने दावे के समर्थन में छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षरयुक्त पत्र भी ज्ञापन के साथ संलग्न किए हैं।

महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह के आरोपों से संस्थान की छवि और गरिमा प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच और कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि कॉलेज में पढ़ाई और शासकीय कार्य सुचारु रूप से जारी रह सकें।
महाविद्यालय की ओर से सौंपे गए ज्ञापन के साथ अधिकारी एवं कर्मचारियों की हस्ताक्षरित सूची के अलावा छात्र-छात्राओं द्वारा हस्ताक्षरित सूची भी संलग्न की गई है। अब मामले में प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर बनी हुई है।