नवादा के हिसुआ प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवादा एसडीएम अमित अनुराग ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान बुजुर्गों के सम्मान और उनके कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अमित अनुराग, बीडीओ देवानंद कुमार सिंह, सीओ परमजीत सिरमौर और प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि प्रियंका प्रियदर्शनी ने पेंशनधारियों के साथ पौधरोपण किया। अधिकारियों ने बुजुर्गों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया और समाज में उनके योगदान की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज के अनुभव का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। उनके सम्मान और बेहतर जीवन के लिए सामाजिक स्तर के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में बुजुर्गों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। बीडीओ देवानंद कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन बुजुर्गों से जुड़ी समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है।सीओ परमजीत सिरमौर ने पेंशनधारियों से अपील की कि पेंशन अथवा अन्य सरकारी सुविधाओं से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में वे सीधे प्रखंड कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का नियमानुसार जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय की छात्राओं ने भी भाग लिया। छात्राओं ने बाल प्रतियोगिता और अंताक्षरी सहित विभिन्न गतिविधियां प्रस्तुत कर कार्यक्रम को रोचक बनाया। उनकी प्रस्तुतियों का मौजूद लोगों ने उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में ललित नारायण, प्रोफेसर गणेश बाबू, शिक्षक डॉ. राजेश कुमार, राहुल कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।