बैतूल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैतूल जिले के कुकरू से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का श्रवण किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जनभागीदारी और प्रेरणादायी पहलों को देशभर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं की सराहना की। ये महिलाएं प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) कर इको-ब्रिक्स तैयार कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देती हैं।उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बन रही हैं। ऐसी पहलें समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी गणेश महोत्सव के अवसर पर देशवासियों से मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और हमारी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी मजबूत होगा।डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा आत्मनिर्भरता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।