मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से वर्चुअली जुड़कर प्राकृतिक आपदा से प्रभावित केला उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी। इस दौरान उन्होंने 8 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 107.72 करोड़ रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
मई और जून के दौरान तेज आंधी, बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण बुरहानपुर जिले में केले की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा था। बुरहानपुर, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों के हजारों किसान इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए थे। प्रदेश सरकार द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को राहत राशि प्रदान की गई, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘किसान कल्याण वर्ष 2026’ के तहत किसानों की समृद्धि, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने, प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और कृषि विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।