भोपाल। स्वतंत्रता दिवस से पहले भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शौर्य स्मारक से तिरंगा लहराकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, क्षेत्रीय विधायक भगवानदास सबनानी समेत बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता, स्थानीय रहवासी, विभिन्न समितियों के सदस्य, स्कूली छात्र और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कई इलाकों से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा
विधायक भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा शौर्य स्मारक से शुरू होकर हॉकर्स कॉर्नर, 6 नंबर स्टॉप, नूतन कॉलेज, आनंदधाम, 5 नंबर दुर्गा पेट्रोल पंप, अर्जुन नगर, मद्रासी मोहल्ला, पंचशील नगर, अवंती बाई चौराहा, माता मंदिर, टीन शेड, कमला नेहरू स्कूल, न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहा, रंगमहल टॉकीज और जवाहर चौक होते हुए डिपो चौराहा पहुंची।यात्रा के दौरान सड़क पर दूर-दूर तक तिरंगे ही तिरंगे नजर आए। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया।
भारत माता की आरती के साथ हुआ समापन
यात्रा के दौरान भारत माता चौराहे पर भारत माता की प्रतिमा की भव्य आरती की गई। इसके बाद “भारत माता की जय”, “जय हिंद” और “जय हिंद की सेना” के जयघोष के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
युवाओं और छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। खास बात रही कि यात्रा में युवाओं और स्कूली छात्रों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों के उत्साह ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।