1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. अवैध चर्बी-घी कारखाने मामले में जांच की मांग तेज, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल

अवैध चर्बी-घी कारखाने मामले में जांच की मांग तेज, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल

दीपक राठौर ने कहा कि इस पूरे मामले में केवल संचालकों पर ही नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होना चाहिए। राठौर ने सवाल उठाया कि खाद्य विभाग को इतनी बड़ी अवैध गतिविधि की भनक तक कैसे नहीं लगी।

By: Naredra 
Updated:
अवैध चर्बी-घी कारखाने मामले में जांच की मांग तेज, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल

खंडवाः परदेसीपुरा क्षेत्र स्थित बेगम पार्क के पास अवैध रूप से संचालित स्लॉटरहाउस और चर्बी से घी बनाने वाले कारखाने के खुलासे के बाद अब मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। सोमवार दोपहर 2 बजे नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक उर्फ मल्लू राठौर ने गांधी भवन में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

प्रेस वार्ता में राठौर ने कहा कि अवैध रूप से संचालित इस कारखाने में तैयार की जा रही सामग्री आखिर किन-किन दुकानों तक पहुंचाई गई, इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यह चर्बी घी के रूप में बाजार में बेची गई है, तो यह गंभीर जनस्वास्थ्य का मामला है और इसकी पूरी सप्लाई चेन की पड़ताल जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में केवल संचालकों पर ही नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होना चाहिए। राठौर ने सवाल उठाया कि खाद्य विभाग को इतनी बड़ी अवैध गतिविधि की भनक तक कैसे नहीं लगी। साथ ही नगर निगम के कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े करते हुए उन्होंने उन्हें भी दोषी ठहराया और सख्त कार्रवाई की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। इस मुद्दे को लेकर शहर में भी लोगों के बीच चिंता और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

खंडवा से संवाददाता नितिन झवर की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...