लोकसभा चुनाव को लेकर आज मध्य प्रदेश में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ने वाली है। भाजपा के कद्दावर नेता और गृह मंत्री अमित शाह आज प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी आज प्रदेश में कई सभाओं को संबोधित करेंगे। इधर, चुनाव के तीसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया कल शुक्रवार से शुरू हो रही है। इस दौरान एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेताओं की सभाएं और रोड शो हो सकते हैं।
भाजपा के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह आज प्रदेश के रीवा और सतना लोकसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित करेंगे। वे दोपहर 12 बजे रीवा पहुंचेंगे और मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में सभा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे के करीब सतना जिले के नागौद में जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा ने रीवा लोकसभा सीट से जनार्दन मिश्रा और सतना सीट से गणेश सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। राजनाथ सिंह सभा को संबोधित करते हुए जनता से पार्टी के दोनों प्रत्याशियों को जिताने की अपील करेंगे।
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरा मध्य प्रदेश दौरा होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को होशंगाबाद में बीजेपी प्रत्याशी दर्शन सिंह के समर्थन में पिपरिया में जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि पीएम मोदी का 20 अप्रैल को सागर दौरा भी प्रस्तावित है। इधर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मध्य प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। नड्डा 12 अप्रैल को सीधी जिले में आएंगे।
इधर कांग्रेस नेता भी मध्य प्रदेश दौरे में पीछे नहीं हैं। बीते तीन दिन पहले ही राहुल गांधी दो दिवसीय एमपी दौरे पर आए थे। इसके बाद अब प्रियंका गांधी एमपी दौरे पर आ रही हैं। प्रियंका गांधी 15 अप्रैल को सतना में जनसभा को संबोधित करेंगी। बता दें सतना लोकसभा सीट से कांग्रेस ने सिद्धार्थ कुशवाह को प्रत्याशी बनाया है।