उज्जैन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण पखवाड़े के अंतर्गत कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कालिदास अकादमी में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने राष्ट्रवाद, संगठन की मजबूती और विकसित भारत के संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। साथ ही डॉ. मुखर्जी के जीवन, उनके बलिदान और विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
भाजपा संभाग प्रभारी श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 का विरोध करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हटाकर उनके सपने को साकार किया गया।
प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन और समाज के बीच सेतु बनकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर आज भारतीय जनता पार्टी तक, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा ही संगठन की मजबूत आधारशिला रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ समाज सेवा में समर्पित रहना चाहिए।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, वरिष्ठ नेता बंशीलाल गुर्जर, महापौर मुकेश टटवाल, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के अंत में सभी ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।