अभिनेता और बीजेपी सांसद सनी देओल की सरकार ने सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है। केंद्र सरकार की ओर से उन्हें वाई सिक्योरिटी कवर देने का निर्णय लिया गया है। केंद्र सरकार के अधिकारियों की ओर से बुधवार को यह जानकारी दी गई है। सनी देओल को मिली वाई सुरक्षा के तहत उन्हें कुल 11 सिक्योरिटी गार्ड्स मिलेंगे। इनमें दो कमांडो होंगे।
पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से सांसद सनी देओल ने 6 दिसंबर को एक ट्वीट कर किसान आंदोलन को लेकर अपनी राय रखी गई थी। सनी देओल ने कहा था कि कुछ लोग समस्याएं पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
सनी देओल ने अपने ट्वीट में कहा था कि समस्याएं पैदा करने वाले लोगों को दूर रखना चाहिए और यह मसला सरकार और किसानों के बीच सीमित रहना चाहिए। सनी देओल ने कहा था, ‘मैं जानता हूं कि बहुत से लोग इस स्थिति का फायदा उठाना चाहते हैं और समस्याएं पैदा करना चाहते हैं। वे किसानों के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
उनका अपना अजेंडा हो सकता है।’ सनी देओल के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने उन्हें ट्रोल भी किया था। यही नहीं सनी देओल के पिता धर्मेंद्र को भी किसानों के आंदोलन को लेकर एक ट्वीट करने और फिर उसे डिलीट करने पर ट्रोल किया गया था।
सनी देओल की सुरक्षा को ऐसे वक्त में बढ़ाई गई है, जब पंजाब में किसान बीजेपी नीत केंद्र सरकार के खिलाफ कृषि कानून को लेकर विरोध कर रही है। दिल्ली की सीमा पर भी किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, इनमें पंजाब के किसानों की संख्या अधिक है। हाल में किसान संगठनों ने बीजेपी सांसदों का घेराव करने की बात भी कही थी।
बता दें कि हाल ही में सनी देओल ने ट्वीट कर किसानों से आंदोलन समाप्त करने की बात कही थी और सरकार को किसानों के साथ बताया था। सनी देओल ने ट्ववीट कर कहा,” मैं पूरी दुनिया से यह अनुरोध करता हूं कि यह हमारे किसानों और सरकार के बीच का मामला है। उनके बीच में ना आएं क्योंकि चर्चा के बाद दोनों जरूर रास्ता निकालेंगे। मैं जानता हूं कि कई लोग इसका फायदा उठाना चाहते हैं और वे समस्या खड़ी कर रहे हैं। वे किसानों के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उनका अपना एजेंडा है।