भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जैपाल सिंह चावड़ा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों को भ्रमित कर राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा सरकार लगातार किसान हित में काम कर रही है।
जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि वर्ष 2003 के बाद से मध्य प्रदेश में किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी और फसल मुआवजा जैसी योजनाओं पर बड़े स्तर पर काम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि सरकार किसानों की हर उपज खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं उपार्जन केंद्रों का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनकी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
चावड़ा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जितु पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष किसानों को सड़क और आंदोलन की राजनीति की ओर धकेल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता को परेशान करने के बजाय सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।
भाजपा किसान मोर्चा ने विपक्ष से अपील की है कि वह किसानों को गुमराह करने की बजाय सरकार के साथ मिलकर किसान हित में काम करे, ताकि कृषि क्षेत्र को और मजबूत बनाया जा सके।