रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: IPL के इस सीजन का दूसरा चरण शुरु होने से पहले विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्पिन गेंदबाज वाशिंगटन सुंदर चोट के कारण टूर्नामेंट से ही बाहर हो गये हैं। इसके साथ ही आगामीं टी-20 वर्ल्ड कप खेलने पर भी संशय हो गया है।

आपको बता दें कि इंग्लैंड में वाशिंगटन सुंदर की अंगुली में लगी चोट अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है। इसके अलावा वह एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) में फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके। जिसके बाद IPL फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा, ‘रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को उंगली की चोट के कारण आईपीएल 2021 के बाकी बचे मैचों से बाहर कर दिया गया है।
सुंदर की जगह बंगाल के क्रिकेटर आकाशदीप को टीम में शामिल किया गया है। सूत्रों की मानें तो जानकारी मिली है कि वाशिंगटन सुंदर कुछ दिन पहले बंगलूरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में एक फिटनेस टेस्ट में शामिल हुए थे, लेकिन वह फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके।
आईपीएल के इस सीजन के दूसरे चरण का आगाज 19 सितंबर से होगा। पहला मुकाबला पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार विजेता टीम चेन्नई के बीच खेला जाएगा। आईपीएल के बाकी बचे 31 मुकाबले 27 दिन में दुबई, शारजाह और अबु धाबी में खेले जाएंगे। वहीं, टी20 विश्व कप की शुरुआत 17 अक्टूबर से होगी। वहीं फाइनल मुकाबला 14 नवंबर को खेला जाएगा।
बैंगलोर की बात करें तो इस सीजन में शानदार खेल दिखाया है। अंक तालिका में इस वक्त बैंगलोर तीसरे पायदान पर है। कप्तान कोहली से लेकर एबी डिविलियर्स के बल्ले से रन निकल रहें हैं। सलामीं बल्लेबाज देवदत्त पदिक्कल ने भी इस सीजन के पहले चरण में शानदार बल्लेबाजी की थी। पहले ही मैच में उन्होने शतक ठोका था।