1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर GRP की बड़ी कार्रवाई, तीन महीने में 510 मोबाइल बरामद; कीमत करीब 1.30 करोड़

गोरखपुर GRP की बड़ी कार्रवाई, तीन महीने में 510 मोबाइल बरामद; कीमत करीब 1.30 करोड़

गोरखपुर जीआरपी ने पिछले तीन महीनों में सर्विलांस के जरिए विभिन्न राज्यों से करीब 510 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। इनमें महंगे आईफोन भी शामिल हैं। पुलिस ने करीब 150 लोगों को उनके मोबाइल वापस सौंप दिए हैं और बाकी मोबाइल मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

By: Nivedita 
Updated:
गोरखपुर GRP की बड़ी कार्रवाई, तीन महीने में 510 मोबाइल बरामद; कीमत करीब 1.30 करोड़

गोरखपुर।  रेलवे यात्रियों के खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में गोरखपुर जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने पिछले तीन महीनों में अभियान चलाकर करीब 510 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये है। इनमें महंगे आईफोन सहित कई ब्रांड के एंड्रॉयड स्मार्टफोन भी शामिल हैं।

कई राज्यों से ट्रैक कर बरामद किए मोबाइल

जीआरपी की सर्विलांस टीम ने मोबाइल फोन को ट्रैक करने के लिए तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से रिकवर किए गए हैं। बरामद फोन में कई महंगे आईफोन भी शामिल हैं। कुछ आईफोन की कीमत करीब 80 से 90 हजार रुपये तक बताई जा रही है।

रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों से जुड़े थे मामले

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में ऐसे फोन शामिल हैं जो रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल और चलती ट्रेनों में यात्रियों के छूटने या चोरी होने की शिकायतों से संबंधित थे। सर्विलांस के जरिए मोबाइल की लोकेशन का पता लगाने के बाद पुलिस टीमों ने संबंधित राज्यों में कार्रवाई कर फोन बरामद किए।

सर्विलांस टीम को मिला नकद पुरस्कार

मोबाइल बरामदगी अभियान में बेहतर कार्य करने वाली जीआरपी सर्विलांस टीम को 2 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, सबसे अधिक 170 मोबाइल फोन बरामद करने वाली गोरखपुर जीआरपी थाने की टीम को 1 हजार रुपये का इनाम दिया गया। एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र के मुताबिक, मोबाइल बरामदगी के इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।

करीब 150 लोगों को लौटाए गए मोबाइल

बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में आसपास के जिलों से पहुंचे करीब 150 लोगों को उनके मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। जीआरपी अब शेष मोबाइलों के मालिकों की पहचान कर उन्हें भी फोन लौटाने की प्रक्रिया में जुटी है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

जीआरपी के मुताबिक, यात्रियों के खोए या चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस बरामद किए गए अन्य मोबाइलों के वास्तविक मालिकों तक पहुंचने के साथ मामलों से जुड़े संदिग्धों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...