नई दिल्ली : हर क्रिकेट फैन को आईपीएल की दो नई टीमों के ऐलान का इंतजार है और ऐसी उम्मीद लगायी जा रही है कि 25 अक्टूबर टीमों की घोषणा कर दी जाएगी। लेकिन फैन सिर्फ नई टीमों को लेकर ही उत्सुकता नहीं है, बल्कि अगले सीजन से पहले होने वाली बड़ी नीलामी की खबरों पर भी नजरें टिकाए हुए हैं। वहीं, आईपीएल 2022 की नीलामी में खिलाड़ियों को रिटेन करने को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और टीम प्रतिनिधियों के बीच आम सहमति बनने की जानकारी सामने आई है। संभावना है कि मौजूदा आठ फ्रेंचाइजियों को अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन (बनाए रखने) की अनुमति दी जाएगी।
दरअसल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2021 के अंतिम चरण के दौरान बीसीसीआई और टीमों के प्रतिनिधियों के बीच अनौपचारिक चर्चा हुई थी और समझा जाता है कि सभी टीमों ने अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दिए जाने पर सहमति जताई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी यह जानकारी सामने आई थी कि एक टीम को अधिकतम तीन भारतीय और दो विदेशी खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखने की अनुमति दी जाएगी। रिटेन खिलाड़ियों की कुल संख्या चार से अधिक नहीं होगी। वहीं यह भी सामने आया है कि अनकैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन करने की भी सीमा हो सकती है, एक टीम को दो से अधिक खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति नहीं होगी।
नई टीमों को दी जाएगी खास छूट
वहीं, जहां तक नई टीमों की करें तो उन्हें नीलामी से अलग 3 खिलाड़ियों को साइन करने की इजाजत भी मिलती दिख रही है। अगर टीमें मशहूर भारतीय चेहरों को शामिल नहीं कर पाती है, तो तीन में से 2 विदेशी खिलाड़ियों को अपने साथ मिला सकती है। भारत और पाकिस्तान के बीच 24 अक्टूबर को होने वाले टी20 विश्व कप मैच के अगले ही दिन 25 अक्टूबर को बीसीसीआई नई टीमों का ऐलान करेगी। इसके बाद बोर्ड मेगा ऑक्शन से जुड़े इन अहम नियमों का ऐलान कर सकता है।