रिपोर्ट: सत्यम दुबे
अयोध्या: अयोध्या रेलवे स्टेशन राम मंदिर के मॉडल में बनाया जा रहा है। रेलवे बोर्ड स्टेशन मॉडल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को दिखाने की तैयारी में जुटा हुआ है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 अगस्त रविवार को अयोध्या रेलवे स्टेशन पर प्रेसिडेंशियल ट्रेन से आएंगे। इसके साथ ही रेलवे बोर्ड यात्रियों को बड़ी सौगात देने जा रही है। श्रद्धालु यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन मार्च 2022 तक खोलने की तैयारी में है।
आपको बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अयोध्या आगमन से पहले तैयारियों का जायजा लेने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सुनित शर्मा अयोध्या पहुंचे। चेयरमैन सुनित शर्मा ने लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन से अयोध्या रेलवे स्टेशन तक का सफर विशेष ट्रेन से किया। रेलवे स्टेशन लखनऊ से अयोध्या तक रूट की सारी व्यवस्थाओं की जानकारी की और रूट को भी खुद देखा।
इस दौरान चेयरमैन सुनित शर्मा ने अयोध्या रेलवे स्टेशन पर निर्माण हो रही नई बिल्डिंग का निरीक्षण किया। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर बनने वाली नई बिल्डिंग विशेष सुविधाओं से लैस होगी। यह बिल्डिंग राम जन्मभूमि मंदिर मॉडल के तर्ज पर बनाई जा रही है। नए रेलवे स्टेशन का ऊपरी भाग राम मंदिर मॉडल के ऊपरी शिखर जैसा बन रहा है।
वहीं चेयरमैन सुनित शर्मा ने कहा कि मार्च 2022 तक रेलवे स्टेशन के पहले चरण का निर्माण हो जाएगा और राम भक्त श्रद्धालु यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन सभी सुविधाओं से लैस खोल दिए जाएंगे। आपको बता दें कि रेलवे स्टेशन का दो चरण में और निर्माण होना है। कुल मिलाकर अयोध्या रेलवे स्टेशन तीन चरणों में बनेगा।
कहा जा रहा है कि यह रेलवे स्टेशन देश का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन और यात्री सुविधाओं से लैस आधुनिक रेलवे स्टेशन के रूप में जाना जाएगा। सुनित शर्मा ने कहा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रेसीडेंशियल ट्रेन से लखनऊ से अयोध्या पहुंचेंगे। उनकी यात्रा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने आगे बताया की आने वाले समय में अयोध्या रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाएं बढ़ेगी। उन्होंने खुद नव निर्माण हो रही रेलवे स्टेशन बिल्डिंग का निरीक्षण किया है। राष्ट्रपति को अयोध्या रेलवे स्टेशन मॉडल दिखाया जा सकता है।