दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बाल दिवस के खास मौके पर दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में एक विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने स्कूल के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस इलाके में हजारों बच्चों को शिक्षा का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाए गए इस स्कूल में 131 क्लासरूम, 7 लेबोरेटरी, एक विशाल लाइब्रेरी, लेक्चर हॉल और लिफ्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री आतिशी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह स्कूल भूमाफियाओं से जमीन को मुक्त करवा कर अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में बनाया गया है। यह दिल्ली के सबसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में से एक स्थित में है। जो 7000 से अधिक बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ले जाने में सहायक होगा। दिल्ली की जनता जानती है कि ऐसे स्कूल केवल अरविंद केजरीवाल ही बना सकते हैं।”
उद्घाटन के एक दिन पहले मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली स्पोर्ट्स स्कूल का दौरा भी किया, जहाँ उन्होंने छात्रों के साथ संवाद किया और वहां की विश्वस्तरीय सुविधाओं का जायजा लिया। मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह स्कूल देश के भविष्य के ओलंपियन खिलाड़ियों को तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि 10 साल पहले जो सपना देखा था, वह आज साकार हो रहा है और स्पोर्ट्स स्कूल देश के सबसे बड़े खिलाड़ियों को पैदा करने की दिशा में काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री आतिशी का मानना है कि खेल और पढ़ाई भविष्य के लिए बेहतरीन खिलाड़ी तैयार करने में सहायक है। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्पोर्ट्स स्कूल में खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की ट्रेनिंग और आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं ताकि वे देश के लिए मेडल जीतने के करीब पहुंच सकें।
आतिशी ने कहा कि पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने स्पोर्ट्स स्कूल और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण की परिकल्पना की थी, जो अब साकार होती नजर आ रही है। उनका मानना है कि यह पहल देश को नए ओलंपिक चैंपियंस देने में सहायक होगी।
अरविंद केजरीवाल की सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं और यह नया स्कूल उसी दिशा में एक और मील का पत्थर साबित हो सकता है। अत्याधुनिक सुविधाओं और गुणवत्ता शिक्षा के साथ, यह स्कूल बच्चों के भविष्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए है।
This Post is written by Shreyasi Gupta