दुनियाभर के देशों में फैले कोरोना वायरस के चलते भारत में 3 मई तक के लिए लॉकडाउन चल रहा है। इसके चलते इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया में भी देरी होगी। खेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि इसके लिए आवेदन मई से मांगे जाएंगे।
मंत्रालय आमतौर पर अप्रैल में पुरस्कारों के लिए नामांकन मांगता है। इन्हें प्रदान करने का समारोह 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर होता है। लेकिन इस साल महामारी के चलते यह प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार शामिल हैं जिन्हें हर साल देश के राष्ट्रपति द्वारा दिया जाता है। अधिकारी ने कहा, मंत्रालय ने अभी तक राष्ट्रीय खेल पुरस्कार आवेदनों के लिए सर्कुलर जारी नहीं किया है। यह प्रक्रिया अप्रैल के महीने तक पूरी हो जानी चाहिए लेकिन इस साल हालात ही इस तरह के हैं। लेकिन उम्मीद है कि सर्कुलर मई में जारी किया जाएगा।