नई दिल्ली : म्यांमार में सेना द्वारा तख्तापलट का लगातार विरोध किया जा रहा है, जो 65वें दिन भी जारी रही। वहीं खुद को विश्व के कई देशों का रहनुमा बताने वाले देश अमेरिका, चीन और रूस इस हिंसक घटना पर चुप है और मौन साधे हुए है। वहीं म्यांमार की जनता अब अपने देश को सुरक्षित करने के लिए दुनिया के देशों से मदद मांग रही है। और इस हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग कर रही है। जिससे एक बार फिर म्यांमार में सब कुछ शांति से चल सकें।
आपको बता दें कि म्यांमार में सेना लगातार विरोध को दबाने के लिए गोलियां दागती जा रही है, जिसमें अब तक 550 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। इसके बावजूद लोग झुकने का नाम नहीं ले रहें। बता दें कि विरोध का चेहरा रही 16 साल की लड़की को सेना ने मार डाला।
वहीं दूसरा चेहरा रहीं नन ने अड़कर कहा कि या तो कत्लेआम बंद करो या मुझे मार दो। अब इस संग्राम का एक और नया चेहरा सामने आया है, जो हैं म्यांमार की 22 वर्षीय ब्यूटी क्वीन हैन ले। आपको बता दें कि शनिवार को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में मिस ग्रैंड इंटरनेशनल ब्यूटी पीजेंट आयोजन था। इसमें मिस ग्रैंड म्यांमार, 22 साल की हैन ले ने दुनिया के देशों से देश की मदद की अपील की।
ले ने कहा कि, “आज जब मैं इस स्टेज पर हूं, तो मेरे देश म्यांमार में लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। मुझे जान गंवाने वालों के लिए दुख है।’ ले बोलते हुए अपने आंसू नहीं रोक पाईं। उन्होंने कहा कि, “हर कोई अपने देश में खुशहाली समृद्धि और शांतिपूर्ण वातावरण चाहता है, पर सत्ता में राज करने के लिए नेताओं को अपनी शक्ति का उपयोग नहीं करना चाहिए। प्लीज म्यांमार की मदद कीजिए। हमें तत्काल अंतरराष्ट्रीय मदद की जरूरत है।’