‘कुली नंबर वन’ की अभिनेत्री सारा अली खान ने अक्षय कुमार की एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है। अक्षय कुमार इस तस्वीर में मुगल बादशाह शाहजहां के लुक में नजर आ रहे हैं और हाथ में गुलाब ले रखा है।
सारा अली खान ने अक्षय कुमार की यह तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है, ‘इससे ज्यादा अतरंगी नहीं हुआ जा सकता। यह शाहजहां नहीं बल्कि अक्षय कुमार हैं।’ अतरंगी रे मूवी की शूटिंग के लिए अक्षय कुमार, सारा अली खान, नसीरुद्दीन शाह और धनुष आगरा पहुंचे हैं।

पिछले दिनों भी सारा अली खान ने अक्षय कुमार के साथ फिल्म के सेट से एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की थी। सभी सितारे फिलहाल आगरा में हैं और शूटिंग करने में जुटे हैं। ये सभी कलाकार सोमवार को सुबह छह बजे से ताजमहल पहुंच गए।
फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान शाम को आगरा पहुंचीं। उन्होंने ताजमहल देखने की इच्छा जताई, लेकिन उन्हें बताया गया कि ताज पर सैलानियों की संख्या की बंदिश है। एक दिन में पांच हजार से ज्यादा सैलानी ताज नहीं देख सकते हैं।
सारी टिकटें बुक हो चुकी हैं, इस पर वह मायूस हो गईं। अब वह सोमवार को ही साथी कलाकारों के साथ ताज के दीदार के साथ ही शूटिंग भी करेंगी। वहीं फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार देर रात होटल आईटीसी मुगल पहुंच गए। नसीरुद्दीन शाह भी ताजनगरी पहुंच गए। साथ ही दक्षिण की फिल्मों का जाना पहचाना नाम धनुष भी फिल्म की शूटिंग के लिए आगरा आ गए हैं।